गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती पर पत्रकारों ने किया माल्यार्पण, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

फतेहपुर : भारतीय पत्रकारिता के पुरोधा, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजसेवी गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को फतेहपुर में पत्रकार संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। शहर के सदर क्षेत्र स्थित विद्यार्थी चौराहे पर स्थापित गणेश शंकर विद्यार्थी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पत्रकारों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर फतेहपुर प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह ,सहित वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद श्रीवास्तव, महेश सिंह, हरीश शुक्ला, शकील सिद्दीकी, मुमताज, इसरार और दीपू मौर्य समेत विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर महान पत्रकार के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गणेश शंकर विद्यार्थी जी भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने अपनी कलम को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और जनहित की आवाज बनाया। उन्होंने ‘प्रताप’ समाचार पत्र के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत की दमनकारी नीतियों, सामाजिक कुरीतियों और शोषण के खिलाफ निर्भीकता से आवाज उठाई। उनकी पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित और पीड़ित वर्गों को न्याय दिलाना तथा आम जनमानस में जागरूकता पैदा करना था।

सांप्रदायिक सद्भाव और मानवता के लिए किया बलिदान,गणेश शंकर विद्यार्थी जी ने अपने जीवन में सामाजिक एकता, भाईचारे और मानवता को सर्वोपरि रखा। वर्ष 1931 में कानपुर के सांप्रदायिक दंगों के दौरान लोगों की जान बचाने और आपसी सद्भाव कायम रखने के प्रयास में उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। उनका जीवन आज भी पत्रकारों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सत्य, साहस और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।जयंती के अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में गणेश शंकर विद्यार्थी जी के आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हैं। पत्रकारिता का दायित्व केवल समाचारों का प्रकाशन करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाना, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना और जनहित की रक्षा करना भी है।कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने संकल्प लिया कि वे गणेश शंकर विद्यार्थी जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती पर आयोजित यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दे गया।

रिपोर्टर : शारिब कमर

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.