आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोहा, वाल्मीकि समाज ने उत्साह से भाग लिया
फतेहपुर - बाराबंकी महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रविवार को कस्बे के मोहल्ला ब्राह्मणी टोला स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधिवत हवन-पूजन के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महर्षि वाल्मीकि की आकर्षक झांकी के साथ अन्य झांकियां भी सजाई गईं, जिन्होंने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा महर्षि वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर ब्लॉक चौराहा होते हुए तहसील चौराहे पर पहुंची। यहां यात्रा में शामिल लोगों ने विभिन्न प्रकार के करतब दिखाए। इसके बाद शोभायात्रा मोहल्ला पचघरा होते हुए महावीर मार्ग से गुजरी और पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने धार्मिक उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा में रथ पर सुसज्जित महर्षि वाल्मीकि की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अन्य झांकियों ने भी लोगों को आकर्षित किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में राकेश, राजकुमार, विमल कुमार, राजन, सोनू और दीपक सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.