18 साल पुराने मुकदमे के वारंटी को चांदपुर पुलिस ने दबोचा
फतेहपुर - पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने वर्ष 2008 के एक मुकदमे में वारंटी अभियुक्त सुभाष पुत्र रामधनी निवासी ग्राम कुन्देरामपुर, थाना चांदपुर, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की उम्र करीब 46 वर्ष है। उसके खिलाफ थाना चांदपुर में मुकदमा अपराध संख्या 22/2008 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 में मामला दर्ज है। ये धाराएं धोखाधड़ी, प्रतिरूपण तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने जैसे आरोपों से संबंधित हैं। वारंट के अनुपालन में चांदपुर पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई इस कार्रवाई में थाना चांदपुर के उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मिश्र, कांस्टेबल अजय यादव और कांस्टेबल धीरज कुमार शामिल रहे। पुलिस की ओर से बताया गया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
रिपोर्टर - शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.