पराली न जलाने के लिए किसानों को किया जाएगा जागरूक
फतेहपुर - खेतों में पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं, बल्कि उनका उचित प्रबंधन कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचता है। इससे मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है जिलाधिकारी ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं एवं उपलब्ध कृषि यंत्रों का लाभ उठाकर पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की अपील की। प्रचार वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली जलाने के दुष्परिणामों और फसल अवशेषों के उचित निस्तारण के उपायों की जानकारी देगा।इस अवसर पर उप निदेशक कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - शारिब कमर

No Previous Comments found.