बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फतेहपुर :  ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान फतेहपुर के तत्वावधान में ग्राम सरकी स्थित श्री भजनानंद सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विवाह मुक्त अभियान एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत बाल विवाह और बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति फतेहपुर के अध्यक्ष/मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू ने कहा कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। इसके कारण बच्चों की शिक्षा बाधित होती है और उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में गर्भधारण से माता और शिशु के जीवन को भी गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा भागीदारी निभाने वाले संबंधित व्यक्तियों को कानून के तहत दो वर्ष तक की कैद और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।विशिष्ट अतिथि बाल कल्याण समिति के सदस्य/मजिस्ट्रेट रामकृष्ण पांडेय ने विद्यार्थियों को बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने इनके उन्मूलन के लिए जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया।चाइल्ड लाइन प्रभारी नीरू पाठक ने बच्चों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में बताया।इस अवसर पर चाइल्ड राइट्स एसोसिएट अमन तिवारी, थाना गाजीपुर की मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक ज्योति कौशिक, थाना एएचटीयू के उपनिरीक्षक हरि नारायण शुक्ला, कांस्टेबल आलोक यादव, विद्यालय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार, प्रधानाचार्या छाया यादव, विद्यालय के समस्त स्टाफ सहित ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के सदस्य सुधांशु द्विवेदी एवं आशुतोष मोदनवाल उर्फ सोनू मोदनवाल उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार ने किया। समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों को जागरूक करने और उनके अधिकारों की जानकारी देने के लिए विद्यालय में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.