बेहटा गांव के तीन मंदिरों में मूर्तियां क्षतिग्रस्त, आरोपी हिरासत में
फतेहपुर : जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में तीन मंदिरों की मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना गुरुवार सुबह करीब सात बजे यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए
मामले में वादी दयाशंकर की तहरीर पर थाना बिंदकी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर गांव के ही मनोज का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे लगा था कि मूर्तियां क्षतिग्रस्त होने के बाद वहां नए मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। इससे उसे काम और कुछ पैसे मिल सकेंगे, जिनसे वह अपना इलाज करा सकेगा। पुलिस ने पूछताछ के दौरान उसके नशे का आदी होने और मानसिक रूप से कमजोर होने की बात भी सामने आने की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। प्रकरण के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने जानकारी देते हुए पुलिस की कार्रवाई और जांच के तथ्यों से अवगत कराया।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.