राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के आगमन पर कांग्रेसियों में उत्साह, दिल्ली महारैली में शामिल होंगे 500 कार्यकर्ता

फतेहपुर - दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली की तैयारियों को लेकर पार्टी ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में तैयारियों का जायजा लेने फतेहपुर पहुंचे राजस्थान के विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनीष यादव का पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने महारैली में जिले से करीब पांच सौ कार्यकर्ताओं के शामिल होने का भरोसा दिलाया। साथ ही रैली को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क तेज करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने संयुक्त रूप से भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठने के बावजूद सरकार संबंधित अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रही है और उनके इस्तीफे की मांग पर पीछे नहीं हटेगी। राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनीष यादव ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर महारैली को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र की मजबूती और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच इन मुद्दों को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। बैठक में जिले से पांच सौ कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों पर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर रैली में शामिल होने की तैयारी करने को कहा। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। रैली की तैयारी बैठक में वरिष्ठ नेता राजेंद्र शुक्ला, शिवाकांत तिवारी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, देवी प्रकाश दुबे, राजेंद्र लोधी, जेपी पासवान, राम नरेश महाराज, हेमलता पटेल, सैयद साहब अली, राजीव लोचन निषाद, अब्दुल रज्जाक, मो. कासान, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, आनंद सिंह गौतम, शकीला बानो, रेखा पासवान, उदित अवस्थी,आदित्य श्रीवास्तव, प्रेम शंकर बाजपेयी, इंद्रजीत लोधी, निजामुद्दीन, चौधरी मोइन राइन, ओम प्रकाश कोरी, राकेश शास्त्री, राम शंकर शुक्ला, मो. शफीक, धर्मेंद्र सिंह, इमरान सिद्दीकी, नौसाद अहमद और उस्मान बेग सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

रिपोर्टर - शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.