डीएम-एसपी मैदान में, परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
फतेहपुर : प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के प्रवेश और चेकिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी प्रभारियों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि मुख्य द्वार पर सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। इसके अलावा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए।डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा में बाधा डालने, नकल कराने या भ्रामक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने की बात कही।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.