पुराने मुकदमे की रंजिश में परिवार पर हमला, बुजुर्ग दंपती समेत तीन घायल

फतेहपुर : हुसैनगंज थाना क्षेत्र के लोधौरा मजरे सिहार गांव में पुराने मुकदमे की रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी जगदीश लोधी ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को प्रार्थना पत्र देकर सात लोगों पर लाठी-डंडे, भाला, रॉड और कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे आरोपी उनके दरवाजे पर पहुंचे और उनके पुत्र शत्रोहन पर पुराना मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे। इनकार करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जगदीश और उनकी पत्नी कमला देवी बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हमले में जगदीश, उनकी पत्नी और पुत्र घायल हो गए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मुकदमा वापस न लेने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। जगदीश के अनुसार, घटना के बाद वह घायलों को लेकर हुसैनगंज थाने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि पुराने मामले में उनके पुत्र की पत्नी को गांव का ही एक युवक 28 जून को अपने साथ ले गया था, जिसको लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले को लेकर दूसरे पक्ष से रंजिश चल रही थी। पीड़ित ने एसपी से नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.