डीएम-एसपी ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
फतेहपुर : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। तामेश्वर चौराहा/नदी चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं एसपी ने उपस्थित अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और एनसीसी के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी ने एनसीसी कैडेट्स की यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतना और नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीओ नगर गौरव शर्मा, सीओ यातायात बृजमोहन राय, सीओ दुर्गेशदीप, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रतीक मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, अभिनव यादव,समाजसेवी अशोक तपस्वी, बस एसोसिएशन अध्यक्ष फरहाद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यातायात पुलिस ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की अपील की।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.