हुसेनगंज में जय जगन्नाथ होंडा मोटर्स शोरूम का शुभारंभ, अब क्षेत्र में ही मिलेंगी होंडा की सभी मॉडल की बाइकें
फतेहपुर : जिले के हुसेनगंज थाना क्षेत्र के निकट जय जगन्नाथ होंडा मोटर्स के नए बाइक शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया। शोरूम का उद्घाटन राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी तथा वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्ग गंगादीन और माता महरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बुजुर्गों के हाथों उद्घाटन कराकर आयोजकों ने सामाजिक सम्मान और सेवा का संदेश दिया।
इस मौके पर भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने कहा कि माता-पिता के समान बुजुर्गों का आशीर्वाद सर्वोपरि है। इसी भावना के साथ वृद्धाश्रम से आए गंगादीन और माता महरी के कर-कमलों से शोरूम का शुभारंभ कराया गया, ताकि उनके आशीर्वाद से नए प्रतिष्ठान की शुरुआत हो सके।शोरूम के प्रोपराइटर अमित तिवारी ने बताया कि अब क्षेत्र के लोगों को होंडा की बाइक खरीदने के लिए फतेहपुर शहर नहीं जाना पड़ेगा। शोरूम में होंडा के सभी मॉडल उचित मूल्य पर उपलब्ध रहेंगे। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्विसिंग के लिए दो अनुभवी मैकेनिकों की व्यवस्था की गई है। साथ ही वाहनों में केवल ओरिजिनल पार्ट्स का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे ग्राहकों को बेहतर सर्विस मिल सकेगी।
वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी ने कहा कि वर्ष 2020 में उनके छोटे भाई को ब्लॉक प्रमुख बनाने के पीछे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा का उद्देश्य था। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र की निर्धन बेटियों की शादी में यदि दहेज संबंधी जरूरत के चलते मोटरसाइकिल की आवश्यकता होती है, तो उन्हें खरीद मूल्य पर ही बाइक उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि धनतेरस और दीपावली के अवसर पर शोरूम की ओर से दिए जाने वाले विशेष ऑफरों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जाएगी।
शोरूम के शुभारंभ को लेकर क्षेत्रीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय स्तर पर बाइक खरीदने और सर्विसिंग की सुविधा उपलब्ध होने से हुसेनगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.