मिठाई दुकानदारों पर यूज बाई डेट के नाम पर कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी, डीएम से लगाई गुहार

फतेहपुर : जिले में मिठाई की दुकानों पर यूज बाई डेट (Use By Date) प्रदर्शित करने की व्यवस्था लागू होने के बाद व्यापारियों में असमंजस और नाराजगी का माहौल है। इस व्यवस्था के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल ने प्रशासन से व्यवस्था को पारदर्शी, व्यावहारिक और निष्पक्ष तरीके से लागू कराने की मांग की है।ज्ञापन के माध्यम से व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है और व्यापारी भी इस उद्देश्य का समर्थन करते हैं। हालांकि, मिठाई कारोबार की प्रकृति अन्य खाद्य व्यवसायों से अलग होने के कारण एक समान नियमों के क्रियान्वयन में कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं।व्यापार मंडल का कहना है कि मिठाइयों का निर्माण दूध, खोया, छेना, घी और मेवा जैसी जल्दी खराब होने वाली सामग्री से किया जाता है। अलग-अलग मिठाइयों की निर्माण प्रक्रिया, प्रकृति, तापमान और भंडारण की परिस्थितियां भी अलग होती हैं। ऐसे में प्रत्येक मिठाई की गुणवत्ता और सुरक्षित उपयोग की अवधि निर्धारित करने के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है।ज्ञापन में सबसे बड़ी चिंता ग्राहकों द्वारा मिठाई खरीदने के बाद उसे खराब बताकर वापस करने के मामलों को लेकर जताई गई।व्यापारियों का कहना है कि ग्राहक मिठाई दुकान से खरीदकर ले जाता है और कुछ समय बाद खराब होने का आरोप लगाकर उसे वापस करने का दबाव बनाता है। ऐसी स्थिति में दुकानदार के लिए यह साबित करना मुश्किल हो जाता है कि वापस लाई गई मिठाई उसी प्रतिष्ठान से खरीदी गई थी या ग्राहक के पास रहने के दौरान उसे किस तापमान और वातावरण में रखा गया था।

व्यापार मंडल ने इस संबंध में राजस्थान स्वीट हाउस, फतेहपुर के हालिया प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि यूज बाई डेट संबंधी निर्देशों का पालन व्यावहारिक और निष्पक्ष तरीके से कराया जाए। ग्राहक द्वारा वापस लाई गई मिठाई को आधार बनाकर व्यापारी के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई न की जाए तथा व्यापारियों के उत्पीड़न को रोकने के लिए प्रशासन स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे।ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष मनोज कुमार साहू, जिला कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, जिला महामंत्री जय किशन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : शारिब कमर

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.