पिकअप पलटने से मचा हड़कंप; ग्रामीणों ने उठाई चौड़ीकरण की मांग
फतेहपुर - अंबापुर–हथगांव मार्ग पर रज़ाबाद गांव के पास स्थित जर्जर और संकरी पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। आज सुबह हदगांव से फतेहपुर के लिए जा रही पिकअप जो की मुर्गियों से लदी हुई थी पुलिया की बदहाल स्थिति और खतरनाक मोड़ के चलते पिकअप गाड़ी पलट गई यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार को एक पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिया काफी छोटी और जर्जर हालत में है। इसके दोनों ओर न तो सुरक्षा रेलिंग है और न ही कोई डिवाइडर लगाया गया है। इसके अलावा पुलिया के पास बना अंधा मोड़ और सड़क किनारे खड़े पेड़ व झाड़ियां वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा न लग पाने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी इसी पुलिया से नीचे गिर गई थी। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों और राहगीरों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की चौड़ाई कम होने के कारण दो वाहनों का एक साथ निकलना भी मुश्किल हो जाता है। रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है। न तो यहां चेतावनी संकेतक बोर्ड लगे हैं और न ही वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए रेलिंग की व्यवस्था है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि हादसों का इंतजार करने के बजाय पुलिया का जल्द चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाए। साथ ही दोनों तरफ मजबूत रेलिंग, डिवाइडर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
रिपोर्टर - शारिब कमर

No Previous Comments found.