मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

फतेहपुर :  महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर बुधवार को जिलेभर में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को सुना। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपायों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही समस्याओं का त्वरित और नियमानुसार निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया। जागरूकता कार्यक्रमों में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना संकोच शिकायत करने की अपील की।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.