सोशल मीडिया पर तमंचा लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

फतेहपुर :  सोशल मीडिया पर असलहा लहराते हुए वीडियो और तस्वीरें वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए चांदपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर एक आरोपी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हस्तनिर्मित 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर ‘हिंदू दबंग टीम’ के नाम से पांच युवकों के असलहों के साथ वीडियो और तस्वीरें वायरल हुई थीं। इन तस्वीरों और वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने चार नवंबर को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मामले में शस्त्र अधिनियम की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर थाना पुलिस ने बुधवार को ग्राम धाना निवासी शैलेन्द्र निषाद पुत्र स्वर्गीय हरिश्चन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक हस्तनिर्मित 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर असलहों का प्रदर्शन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध असलहों के प्रदर्शन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.