पुलिस अधीक्षक से महिला ने लगाई न्याय की गुहार, पारिवारिक विवाद में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग
फतेहपुर : थाना जहानाबाद क्षेत्र की एक महिला ने पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में कुछ पुलिसकर्मियों पर धनराशि मांगने, समझौते के लिए दबाव बनाने तथा उसके पुत्र के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राम सानी गढ़वा निवासी रजिया पत्नी शब्बीर के अनुसार, विपक्षी पक्ष के साथ उसका भरण-पोषण संबंधी विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि 8 अक्टूबर 2026 को विपक्षी पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे, जहां उसके साथ मारपीट एवं अभद्रता की गई। इस संबंध में उसने थाना जहानाबाद में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायती प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि उक्त मामले में समझौता कराने के नाम पर थाना जहानाबाद के संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। महिला का दावा है कि उसने अपने जेवर गिरवी रखकर 20 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद उसने इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी शिकायत प्रेषित की। महिला ने आगे आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उस पर समझौता करने का दबाव बनाया गया। उसके अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को पटेल ढाबे पर बुलाकर कथित रूप से 20 हजार रुपये वापस करने के संबंध में दबाव बनाया गया। इस संबंध में भी उसने पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बिंदकी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में एक अन्य गंभीर आरोप यह भी लगाया गया है कि 25 अक्टूबर 2026 को महिला के पुत्र को जिस दुकान पर काम मिलता था, वहां के दुकानदार को कथित रूप से पुलिस की ओर से उसे काम पर न रखने की चेतावनी दी गई। महिला का कहना है कि इसके बाद दुकानदार ने उसके पुत्र को काम से हटा दिया, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और अधिक प्रभावित हुई। महिला के अनुसार, उसका परिवार पुत्र की मजदूरी पर निर्भर था और रोजगार छिन जाने के कारण परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है। उसने अधिकारियों से लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई न होने की बात भी अपने प्रार्थना पत्र में कही है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की किसी निष्पक्ष उच्चाधिकारी से जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल करने, परिवार को अनावश्यक दबाव से सुरक्षा दिलाने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.