गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
फतेहपुर - जनपद की गंभीर जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की संस्थापक एवं अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और क्षेत्रीय लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जल जीवन मिशन की बदहाल व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र गरीबों के नाम छूटने, जिंदपुर टोल प्लाजा पर कथित अवैध वसूली, जर्जर सड़कों और बेतरतीब पड़े बिजली के पोलों की समस्या उठाई गई।
इसके अलावा पटाखा मंडी में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने, लाइसेंस के नाम पर कथित अवैध वसूली रोकने, महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित सुनवाई तथा जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और बहुआ पीएचसी समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में व्याप्त अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियां शोपीस बनी हुई हैं और पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें बदहाल पड़ी हैं। सुजानपुर एवं बहुआ देहात की पानी की टंकियां चालू कर नियमित जलापूर्ति कराने की मांग भी उठाई गई। हेमलता पटेल ने कहा कि गरीब पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए और जनहित से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन कलेक्ट्रेट में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान राजरानी, सुमन, सतावती, गुड्डी, संयोगिता, संजया, साजदा, रातून, शहकन, उर्मिला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
रिपोर्टर - शारिब कमर

No Previous Comments found.