डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना, घाटों पर सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
फतेहपुर - लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर शिवराजपुर घाट और बिंदकी फॉर्म गांव के सामने गंगा नदी के तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठ पूजा के अवसर पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने गंगा नदी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। घाटों पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं, जबकि सूर्यास्त से करीब दो घंटे पहले श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। व्रती महिलाओं ने गंगा में उतरकर डूबते सूर्य की ओर मुख करके विधि-विधान से पूजन किया और अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान गंगा घाट छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजते रहे। शिवराजपुर और बिंदकी फॉर्म के सामने गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। पर्व को देखते हुए शासन-प्रशासन की ओर से घाटों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अलग से व्यवस्था की गई, वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार घाटों पर निगरानी करते रहे, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें।
रिपोर्टर - शारिब कमर

No Previous Comments found.