आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं पर उठी आवाज, पीएफ और सम्मानजनक जीवन की मांग

फतेहपुर - सफाई कर्मी गरिमा फाउंडेशन के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद फतेहपुर में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर रविवार को विजय बख्शी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि कानपुर से आए देव कबीर रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व सफाई नायक किशोरी ने की। संचालन एवं संयोजन पूर्व सभासद धीरज कुमार ने किया।

मुख्य अतिथि देव कबीर ने कहा कि सफाई कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी पूरी ईमानदारी और कर्मठता से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। कोरोना काल से लेकर विभिन्न त्योहारों तक उन्होंने सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लंबे समय से उपेक्षा, उत्पीड़न और शोषण का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, स्वाभिमान और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार देता है। सफाई कर्मियों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित होना चाहिए। पूर्व सभासद धीरज कुमार ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था कर्मचारियों के हित में नहीं है। कम वेतन में अधिक काम लेने की व्यवस्था से कर्मचारियों का शोषण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के सम्मान और उनकी गरिमा को वापस स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कर्मचारी राजू ने आउटसोर्सिंग कर्मियों को नियमित रूप से वेतन पर्ची उपलब्ध कराने तथा नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारियों के लंबित पीएफ को जमा कर उसका लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग की। केशव ने संविदा कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश और बकाया पीएफ दिलाने की मांग रखी। संजय ने शासन द्वारा निर्धारित अवकाश दिए जाने तथा कर्मचारियों को बिना वजह परेशान न करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों द्वारा आए दिन कर्मचारियों को हटाने की धमकी दी जाती है। मालती वाल्मीकि ने सफाई कर्मचारी परिवारों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरटीई के माध्यम से बच्चों का अच्छे विद्यालयों में प्रवेश कराया जा सकता है। प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि जब तक कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। विजय बख्शी ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था कर्मचारियों के शोषण का माध्यम बन गई है। कवि बाबूराम बादल ने अपनी कविताओं के माध्यम से स्वच्छकार समाज की पीड़ा और संघर्ष को सामने रखा। बैठक में देव कबीर, कुंवरजीत, चमन बिरहा, धीरज कुमार, विजय कुमार बख्शी, बाबूराम बादल, अरुण कुमार, संजय बख्शी, अभिषेक, हरिकिशन, संदीप कुमार, राजू, प्रकाश आंबेडकर, मालती वाल्मीकि, नीरज कुमार, आशीष बैरीशाल, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, अव्वल, राजेंद्र कुमार, राम सजीवन, राजा, राहुल, मनजीत, सुरजीत सहित अन्य कर्मचारी व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर - शारिब कमर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.