करोड़ों की कृषि भूमि का 34 लाख में बैनामा कराने का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
फतेहपुर : असोथर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये की कृषि भूमि का कथित तौर पर महज 34 लाख रुपये में बैनामा कराए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में एक महिला ने अपने पति के साथ छल-कपट और धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने 16 नवंबर 2026 को एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।प्रार्थिनी काजल सिंह पत्नी बृजेन्द्र पाल सिंह, निवासी असोथर, थाना असोथर के अनुसार, उनके पति की संपूर्ण कृषि भूमि का बैनामा 2 नवंबर 2026 को फतेहपुर निबंधक कार्यालय में कराया गया था। आरोप है कि शैलेंद्र सिंह और नीलेंद्र सिंह चौहान पुत्रगण रामकिशोर सहित अन्य लोगों ने गवाही देकर करोड़ों रुपये की कीमत वाली कृषि भूमि का बैनामा महज 34 लाख रुपये में करा लिया।पीड़िता का आरोप है कि बैनामे में भुगतान के नाम पर अलग-अलग रकम के नौ चेकों का उल्लेख किया गया, जिनकी कुल धनराशि 34 लाख रुपये दर्शाई गई है, लेकिन इन चेकों का भुगतान उनके पति को नहीं मिला। प्रार्थिनी के मुताबिक, 5 नवंबर को बैंक जाकर पति के खाते का स्टेटमेंट निकलवाया गया तो उसमें बैनामे में दर्शाई गई किसी भी रकम के खाते में आने का रिकॉर्ड नहीं मिला। उनका कहना है कि उन्हें कोई चेक भी प्राप्त नहीं हुआ।महिला ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 12 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री को आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की थी। इसके बाद 6 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना-पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।पीड़िता ने अपने प्रार्थना-पत्र में कहा है कि उनकी दो छोटी बेटियां हैं और इस कथित धोखाधड़ी से उनका परिवार परेशान है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नामजद आरोपियों सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ छल-कपट और धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रार्थना-पत्र के साथ बैनामे की छायाप्रति और बैंक स्टेटमेंट भी संलग्न किए गए हैं।फिलहाल मामले में पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच की स्थिति सामने आना बाकी है।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.