400 छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट और बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फतेहपुर : हथगाम क्षेत्र के मनमोहनपुर स्थित श्री पितम्बर लाल इंटर कॉलेज में बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम, यौन अपराधों एवं शोषण से बचाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। फोरम फॉर एडवांसिंग वूमेंस एजेंडा (FAWA), वात्सल्य, ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान एवं नेहरू युवा संगठन टीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 400 छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधियों ने बच्चों को जागरूक किया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू ने पॉक्सो एक्ट के उद्देश्य, उसकी आवश्यकता, बाल अधिकारों के संरक्षण तथा कानून के विभिन्न दंडात्मक प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि गलत व्यवहार होने पर चुप न रहें, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी घटना को छिपाने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।बाल कल्याण समिति के सदस्य मजिस्ट्रेट रामकृष्ण पांडेय ने रामचरितमानस की चौपाई 'प्रातःकाल उठि कै रघुनाथा। मातु पिता गुरु नावहिं माथा' के माध्यम से बच्चों को संस्कार, शिष्टाचार और माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने अच्छे और बुरे व्यवहार के बीच अंतर समझाते हुए सुरक्षित जीवन के प्रति जागरूक किया।वहीं चाइल्ड लाइन के काउंसलर अंकित जायसवाल ने संकट में फंसे बच्चों को मिलने वाली सहायता और बाल संरक्षण सेवाओं की जानकारी दी। एएचटीयू थाना से उपनिरीक्षक हरिनारायण शुक्ला एवं महिला कांस्टेबल सरिता ने मानव तस्करी, बाल शोषण और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए विद्यालय, समुदाय और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना होगा।इस मौके पर आशुतोष कुमार (सोनू मोदनवाल), सुधांशु द्विवेदी, विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला सिंह लोधी, रमेश चंद्र, मालिकदीन, राममनोहर, रहीमाल, रोहित, दलजीत, अशोक कुमार द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं करीब 400 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह, बाल श्रम और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर रोक लगाने के लिए जागरूकता के साथ ठोस प्रयास जरूरी हैं।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.