लूट की फर्जी कहानी का पुलिस ने किया खुलासा, कर्मचारी ने ही रची थी साजिश

फतेहपुर : जिले के थाना ललौली क्षेत्र में पिकअप चालक द्वारा नमकीन सप्लाई के दौरान 1 लाख 52 हजार 735 रुपये की लूट की बताई गई घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में लूट की घटना फर्जी निकली। पिकअप चालक राजू शुक्ला ने अपने साथी ओम सचान के साथ मिलकर रुपये हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1 लाख 52 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि 735 रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आई है।अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:40 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने फायरिंग कर पिकअप चालक से नकदी लूट ली है। पीड़ित ने बताया था कि वह बांदा में नमकीन की सप्लाई करने गया था, जहां से लौटते समय उसके साथ 1,52,735 रुपये की लूट हुई।सूचना मिलते ही क्राइम डिटेक्शन टीम और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चालक राजू शुक्ला के बताए घटनाक्रम और पिकअप के शीशे व विंडशील्ड पर मिले निशानों में विरोधाभास पाया गया। इसके चलते पुलिस को शुरुआत से ही घटना संदिग्ध लगी।वहीं, पिकअप के ट्रांसपोर्टर आशीष अवस्थी को भी मामले पर संदेह हुआ। उनकी तहरीर के आधार पर थाना ललौली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने राजू शुक्ला से गहन पूछताछ की और उसके बताए रास्तों, रुकने के स्थानों तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में उसके बताए घटनाक्रम की पुष्टि नहीं हो सकी।सख्ती से पूछताछ करने पर राजू शुक्ला ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी ओम सचान निवासी घाटमपुर के साथ मिलकर खुद ही रुपये हड़पने की योजना बनाई थी। राजू के मुताबिक, उसे 12 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था और ट्रांसपोर्टर द्वारा उससे अधिक काम लिए जाने को लेकर वह असंतुष्ट था। इसी कारण उसने गबन के इरादे से लूट की झूठी कहानी रची। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को दोनों साथ आए थे और घटनास्थल तक पहुंचे थे। इसके बाद ओम सचान रुपये लेकर ऑटो से वहां से चला गया, जबकि राजू शुक्ला ने पुलिस को फर्जी लूट की सूचना दे दी।

एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि लूट में 1,52,735 रुपये जाने की बात कही गई थी, जिसमें से 735 रुपये खर्च कर दिए गए और शेष 1,52,000 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.