पहला पति जीवित और तलाक भी नहीं, दूसरे विवाह का आरोप; पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
फतेहपुर : जिले में पहला पति जीवित होने और न्यायालय से तलाक न होने के बावजूद धोखे से दूसरा विवाह करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने महिला पर अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर मंदिर में विवाह की रस्में कराने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी निवासी सुशील कुमार पुत्र अवधेश कुमार ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया कि कोराई, थाना मलवां निवासी प्रिया देवी पत्नी रमाकांत दीक्षित ने खुद को अविवाहित बताकर उनके साथ मंदिर में विवाह की रस्में पूरी कराईं। पीड़ित का कहना है कि बाद में जानकारी हुई कि प्रिया देवी का विवाह पहले ही हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवपुर निवासी नरेंद्र अवस्थी पुत्र मुन्ना अवस्थी से हो चुका था और दोनों के बीच आज तक न्यायालय से तलाक नहीं हुआ है।सुशील कुमार का दावा है कि उनके पास प्रिया देवी और नरेंद्र अवस्थी के पूर्व विवाह से संबंधित दो तस्वीरें भी हैं, जिन्हें उन्होंने शिकायती पत्र के साथ संलग्न किया है। पीड़ित का आरोप है कि अब प्रिया देवी नोटरी से तैयार कराए गए कागजात और गवाहों के हस्ताक्षर दिखाकर उन्हें डरा-धमका रही हैं। साथ ही उनके खिलाफ परिवार न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि प्रिया देवी का लगभग चार वर्ष का एक बच्चा है और वह उनके साथ मुश्किल से एक माह तक रही। आरोप है कि वर्ष 2023 में वह उनका पैतृक जेवरात और रुपये लेकर मायके चली गई। इसके अलावा महिला के पिता और परिजनों पर कई बार हमला करने का भी आरोप लगाया गया है,शिकायतकर्ता ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 82 और 318 के तहत मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल यह पूरा मामला पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का बयान और प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.