सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने चंद घंटों में खोज निकाला यात्री का खोया बैग
फतेहपुर : थाना कल्याणपुर क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सक्रियता से ई-रिक्शा में छूटा यात्री का बैग चंद घंटों में बरामद कर उसे सकुशल वापस कर दिया गया। बैग में 15 हजार रुपये, दवाइयां और महत्वपूर्ण कागजात रखे थे। अपना सामान वापस पाकर यात्री ने पुलिस का आभार जताया और कांस्टेबल शुभम अवस्थी की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को मऊ जनपद से आए औंग थाना क्षेत्र के गलाथा निवासी देवेंद्र प्रताप सैनी बिंदकी रोड रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। वहां से वह ई-रिक्शा में सवार होकर चौडगरा कस्बे पहुंचे। जल्दबाजी में उनका बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया। कुछ देर बाद इसकी जानकारी होने पर उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन रिक्शा नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने चौडगरा चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग की तलाश शुरू कर दी। कांस्टेबल शुभम अवस्थी एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गए। फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा चालक की पहचान करने के साथ ही अन्य रिक्शा चालकों से भी पूछताछ की गई। पुलिस की मेहनत रंग लाई और कुछ ही घंटों में संबंधित ई-रिक्शा चालक को खोज निकाला गया। पूछताछ के दौरान यात्री का बैग बरामद हो गया। पुलिस ने देवेंद्र प्रताप सैनी को बुलाकर उनका बैग वापस सौंप दिया। बैग में रखे 15 हजार रुपये, दवाइयां और जरूरी कागजात सुरक्षित मिलने पर यात्री के चेहरे पर खुशी छा गई। उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कांस्टेबल शुभम अवस्थी और उनकी टीम का आभार जताया।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.