औंग में महिला हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
फतेहपुर : थाना औंग क्षेत्र के जंगल की झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड के मुख्य आरोपी परसू निषाद को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला का शव मिलने के बाद घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस और एसओजी सहित पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। वहीं, मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।जांच के दौरान पुलिस को एक अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में मृतका के साथ परसू निषाद दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने भी उसे 13 तारीख को महिला के साथ देखे जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद से महिला लापता हो गई थी। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।एसपी के मुताबिक, सोमवार देर रात पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि परसू निषाद एक स्थान से निकल रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना के पीछे की वजह जानने के लिए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.