जनगणना-2027 की स्वगणना 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन,मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चार दिन चलेगा विशेष अभियान
फतेहपुर : जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जिले में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं, विधानसभा निर्वाचक नामावलियों में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ संवाद के दौरान दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में नागरिक 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए नागरिकों को \\*https://se.census.gov\\* पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसकी सफलता सटीक आंकड़ों, पारदर्शिता और जनसहभागिता पर निर्भर करती है।उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से अपील की कि वे स्वयं स्वगणना करें और आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कराएं, ताकि जनगणना का कार्य प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।मतदाता सूची के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के उद्देश्य से 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से ग्रामसभा और वार्ड क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।संवाद के दौरान प्रेस प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर सुझाव एवं सवाल रखे, जिनका जिलाधिकारी ने जवाब दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रेस प्रतिनिधियों के महत्वपूर्ण सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर अमल किया जाएगा।इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर ने प्रेस प्रतिनिधियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया और पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.