दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
फतेहपुर : चांदपुर थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक जोड़ी पायल, एक अंगूठी और 7,670 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ फतेहपुर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, चांदपुर थाना क्षेत्र में 31 मई और पांच अगस्त की रात दो घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में अज्ञात चोर घर में घुसकर नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को चांदपुर पुलिस ने प्रकाश में आए 21 वर्षीय आरोपी विकास धोबी पुत्र घसीटे निवासी अमौली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ चांदपुर थाने में चोरी के दो मामलों के अलावा जुआ अधिनियम और जहानाबाद थाने में चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष वृंदावन राय, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल विवेक मिश्रा, कांस्टेबल श्रीकेश यादव, धीरज कुमार सिंह और कृष्णकांत पांडेय शामिल रहे।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.