टूटी पुलिया बनी हादसों का अड्डा, नई बाइक समेत गिरा युवक

फतेहपुर : अंबापुर-हदगांव मार्ग पर रजाबाद गांव के समीप बनी टूटी पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। जर्जर पुलिया और सड़क पर फैले गड्ढों व मलबे के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। रविवार को भी एक युवक नई बाइक समेत पुलिया के पास गिर गया। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कई लोगों की मदद से बाइक को बाहर निकाला।स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में है। इसके दोनों ओर रेलिंग नहीं होने और सड़क पर गड्ढे व उखड़ा हुआ मलबा पड़े होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। रात के समय यहां खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि न तो रोशनी की व्यवस्था है और न ही कोई चेतावनी संकेतक बोर्ड लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक सुध नहीं ले रहा।हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से पुलिया की जल्द मरम्मत कराने, दोनों तरफ सुरक्षा रेलिंग लगवाने तथा चेतावनी बोर्ड स्थापित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।जर्जर पुलिया से गुजरना बना जोखिम

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया की खराब हालत के चलते बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को बेहद सावधानी से निकलना पड़ता है। कई बार अचानक सामने आने वाले गड्ढों और टूटे किनारों के कारण वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.