फतेहपुर की महिला आरक्षियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, जीते स्वर्ण और कांस्य पदक
फतेहपुर - पुलिस की दो महिला आरक्षियों ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित तृतीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता (2026-27) में महिला आरक्षी ममता शर्मा और दीपिका ने टेबल टेनिस स्पर्धा में पदक जीतकर जनपद फतेहपुर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है।दिनांक 19 से 24 नवंबर 2026 तक वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अहमदाबाद में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की टेबल टेनिस स्पर्धा में फतेहपुर में तैनात महिला आरक्षी ममता शर्मा एवं दीपिका ने बेहतरीन खेल कौशल और तालमेल का परिचय देते हुए टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।वहीं ओपन डबल्स स्पर्धा में दोनों महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से जनपद पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है।दोनों महिला आरक्षियों की इस सफलता को उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि से न केवल फतेहपुर जनपद, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग का मान बढ़ा है।
रिपोर्टर - शारिब कमर

No Previous Comments found.