अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज,एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने की मांग
फतेहपुर : अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके साथ होने वाली घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। 28 नवंबर 2026 को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण कानून (Advocates Protection Act) लागू कराने के लिए शासन को संस्तुति भेजने की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। वे संविधान, कानून और न्याय के शासन की रक्षा करते हुए आम नागरिकों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद समय-समय पर अधिवक्ताओं को हत्या, जानलेवा हमले, मारपीट, धमकी और उत्पीड़न जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसी घटनाएं न केवल अधिवक्ताओं की व्यक्तिगत सुरक्षा बल्कि आम नागरिकों की न्याय तक पहुंच को भी प्रभावित करती हैं।ज्ञापन में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश में प्रभावी अधिवक्ता संरक्षण कानून बनाने और लागू करने, अधिवक्ताओं को धमकी व मारपीट की शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई, सुरक्षा संबंधी शिकायतों के लिए प्रशासनिक और पुलिस समन्वय व्यवस्था बनाने तथा जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।इसके अलावा महिला अधिवक्ताओं और उनके परिवारों की सुरक्षा, अधिवक्ताओं के विरुद्ध दर्ज शिकायतों की निष्पक्ष जांच तथा निर्दोष व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा करने पर भी जोर दिया गया।अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि ज्ञापन को अपनी संस्तुति के साथ उत्तर प्रदेश शासन, गृह विभाग एवं विधि विभाग को भेजा जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण विषय पर राज्य स्तर पर आवश्यक निर्णय लिया जा सके।
ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा केवल उनके पेशे का विषय नहीं, बल्कि मजबूत न्याय व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.