किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, संयुक्त बैठक बुलाने की मांग
फतेहपुर : जनपद में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत ने एक बार फिर आवाज उठाई है यूनियन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए डीएम की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और किसान पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने की मांग की है। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि बीती 18 नवंबर को विकास भवन परिसर में किसानों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान धान खरीद में आ रही दिक्कतों, खाद वितरण में अनियमितताओं, निजी दुकानदारों द्वारा मनमाने तरीके से खाद बेचे जाने, बिजली कटौती और नहरों में पानी की उपलब्धता जैसे प्रमुख मुद्दे उठाए गए थे। यूनियन के अनुसार, धरना-प्रदर्शन के दौरान कृषि अधिकारी, एआर और डिप्टी आरएमओ मौके पर पहुंचे थे अधिकारियों ने तीन दिनों के भीतर समस्याओं में सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन संगठन का आरोप है कि अब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। इसी को लेकर यूनियन ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कराने की मांग की है, जिससे किसानों के हित में आवश्यक निर्णय और आदेश पारित किए जा सकें वहीं नहर कॉलोनी में भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर रामदत्त मिश्रा का किसानों और संगठन के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई। इस मौके पर जिला अध्यक्ष मधुसूदन तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव रामदत्त मिश्रा और युवा जिला अध्यक्ष अजय सिंह (कल्लू सिंह) सहित संगठन के पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.