गांधी-शास्त्री जयंती: जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा, दिलाई शपथ
फतेहपुर : जनपद में 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। बाद में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में उन्होंने गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में दोनों महापुरुषों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने, पत्रावलियां लंबित न रखने और नियमों के अनुसार आमजन को लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विचार गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित कलेक्ट्रेट कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने महापुरुषों के आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.