भोजन जन सेवा समिति ने जरूरतमंद बच्चों को वितरित की त्योहार सामग्री, खिल उठे चेहरे
फतेहपुर : विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी दीपोत्सव पर्व के अवसर पर भोजन जन सेवा समिति द्वारा गरीब, असहाय एवं निराश्रित परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने की अनूठी पहल की गई। इसी क्रम में आज गुरुवार को प्रातः 10 बजे चित्रांश नगर स्थित बिरसा मुंडा संस्कारशाला में शिक्षा ग्रहण कर रहे काशीराम कॉलोनी एवं विनोबा नगर के जरूरतमंद बच्चों को दीपोत्सव पर्व के पूर्व खाद्य एवं त्योहार सामग्री का वितरण किया गया।
त्योहार से पहले आवश्यक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। सामग्री प्राप्त करते ही बच्चे खुशी से झूम उठे।
समिति का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के चलते किसी भी जरूरतमंद परिवार की दीपावली की खुशियां फीकी न रहें और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक भी त्योहार की खुशियां पहुंचें।
भोजन जन सेवा समिति विगत कई वर्षों से इसी भावना के साथ जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर प्रयासरत है। समिति का मानना है कि त्योहारों की असली खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब हमारी खुशियों में समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की मुस्कान भी शामिल हो। इस अवसर पर सहयोगी रहे कुमार शेखर,मनीष केसरवानी,अंकित वर्मा,शैलेश साहू,सोनम भास्कर,सागर कुमार,रमेंद्र सिंह,दीपक अग्रहरि,नरेश अग्रहरि,सपना सिंह,राघवेंद्र अग्रहरि,यतीश राययादा,अंकिता सिंह,आचार्य राम नारायण आदि।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.