नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया
फिरोजाबाद : मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी फिरोजाबाद, डॉ. राम बदन राम द्वारा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी, फिरोजाबाद पर आयोजित माननीय मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेले में आमजन को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, औषधि वितरण, जांच सुविधाओं, टीकाकरण सेवाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मेले में स्थापित विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण करते हुए लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. राम बदन राम ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री आरोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से आमजन को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर मेले में गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन परामर्श, नियमित टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम संबंधी जागरूकता गतिविधियों तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, औषधियों की उपलब्धता, अभिलेखों के रख-रखाव एवं रोगी हित से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर : बबलू फरमान

No Previous Comments found.