मिशन शक्ति फेज-5: गांगनी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम
फिरोजाबाद/नारखी : महिला सशक्तिकरण को धरातल पर उतारने के लिए शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत बुधवार को विकास खंड नारखी के कन्या प्राथमिक विद्यालय गाँगनी-2 में एक दिवसीय जागरूकता एवं शक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला कल्याण अधिकारी, नारखी मिशन शक्ति प्रभारी उप निरीक्षक बनवारी लाल जी सहित पूरी मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में मिशन शक्ति के बैनर तले किया गया। इस दौरान विद्यालय की लगभग 50 छात्राओं सहित गांव की करीब 100 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं महिला कल्याण अधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं घबराएं नहीं, सरकार ने उनके लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उन्होंने बताया -
वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवाएं 102 व 108 पर 24 घंटे मदद उपलब्ध है।
साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पोषण अभियान, बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया और पात्र महिलाओं को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध को लेकर किया सतर्क
नारखी मिशन शक्ति प्रभारी उप निरीक्षक बनवारी लाल जी ने महिलाओं और छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, बैंक खाता, आधार नंबर किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत में सावधानी बरतें। अगर कोई साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। उन्होंने छात्राओं को गुड टच-बैड टच की भी जानकारी दी।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" के बैनर तले छात्राओं ने हाथों में पंपलेट और पोस्टर लेकर जागरूकता का संदेश दिया। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को निडर बनने, शिक्षा पर ध्यान देने और किसी भी तरह के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और बच्चियों में आत्मविश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं और छात्राओं को जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और उन्हें मिशन शक्ति का हिस्सा बनने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहुएं व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : फरमान बबलू

No Previous Comments found.