एमसी सक्सेना कॉलेज में फूड पॉइजनिंग, 25 ईएमटी प्रशिक्षु बीमार-
एमसी सक्सेना कॉलेज में फूड पॉइजनिंग, 25 ईएमटी प्रशिक्षु बीमार-
लखनऊ के बरावन कला स्थित एमसी सक्सेना कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी परिसर में बने 108 एंबुलेंस सेवा के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) ट्रेनिंग सेंटर में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। बुधवार रात भोजन के बाद 25 प्रशिक्षुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद सभी को बलरामपुर और ठाकुरगंज समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी प्रशिक्षु खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, रात के खाने में दाल, चावल, आलू की सब्जी और रोटी परोसी गई थी। भोजन करने के करीब एक से डेढ़ घंटे बाद कई प्रशिक्षुओं को परेशानी शुरू हुई। देखते ही देखते बीमार छात्रों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे ट्रेनिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति गंभीर होने पर छात्रों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। भर्ती का सिलसिला गुरुवार सुबह करीब चार बजे तक चलता रहा।
बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि इमरजेंसी में 20 प्रशिक्षुओं को भर्ती किया गया था, सभी की हालत स्थिर है। वहीं ठाकुरगंज टीबी अस्पताल में तीन छात्रों का इलाज किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को भोजन के नमूने लेने के लिए सूचित किया गया है। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


No Previous Comments found.