हीरे-जवाहरात छोड़िए! चोरों ने चुरा लीं दुनिया की सबसे दुर्लभ चींटियां
आमतौर पर चोरी की घटनाओं में सोना, चांदी, कीमती गहने या नकदी गायब होने की खबरें सामने आती हैं. लेकिन ब्रिटेन में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां चोर किसी कीमती सामान पर नहीं, बल्कि जमीन के नीचे रहने वाली दुर्लभ चींटियों पर हाथ साफ कर गए. हैरानी की बात यह है कि चोरों ने एक-दो चींटियां नहीं चुराईं, बल्कि उनका पूरा घोंसला ही खोदकर गायब कर दिया. इस घटना के बाद वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है.
यह अनोखी वारदात इंग्लैंड के डेवन इलाके में स्थित चुडले नाइटन हीथ नेचर रिजर्व (Chudleigh Knighton Heath) में हुई. यह जगह बेहद खास है, क्योंकि यहां 'नैरो-हेडेड एंट' नाम की दुर्लभ चींटियों की प्रजाति का आखिरी बचा हुआ ठिकाना माना जाता है. अक्टूबर के मध्य में जब संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञ रिजर्व का निरीक्षण करने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए. चींटियों का घोंसला अपनी जगह से पूरी तरह गायब था. उसकी जगह जमीन में गहरा गड्ढा दिखाई दे रहा था. आसपास खुदाई के निशान भी मौजूद थे, जिससे अंदाजा लगाया गया कि किसी ने फावड़े की मदद से जमीन खोदकर पूरा घोंसला निकाल लिया.
दुर्लभ प्रजाति को बचाने की कोशिशों को बड़ा झटका
इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है. दरअसल, नैरो-हेडेड एंट बेहद दुर्लभ प्रजाति है और इनकी आबादी तेजी से बढ़ने वाली नहीं है. इनकी कॉलोनियां तैयार होने में लंबा समय लगता है. ऐसे में एक पूरे घोंसले का चोरी हो जाना संरक्षण से जुड़े लोगों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है.
वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रजाति को बचाने के लिए लंबे समय से मेहनत की जा रही थी. ऐसे में घोंसले की चोरी ने वर्षों के प्रयासों पर पानी फेर दिया है. अधिकारियों ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि दुर्लभ वन्यजीवों को निशाना बनाना भी वन्यजीव अपराध की श्रेणी में आता है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है. डेवन और कॉर्नवाल पुलिस इस अनोखी चोरी की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि संरक्षित प्राकृतिक क्षेत्र में घुसकर नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को संदिग्ध गतिविधि या चोरी से जुड़ी कोई जानकारी मिली हो, तो वह सामने आए.
वहीं, भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए नेचर रिजर्व में बची हुई चींटियों की कॉलोनियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन बेहद दुर्लभ चींटियों के घोंसले को किसने और किस मकसद से चुराया? फिलहाल पुलिस इस रहस्यमयी मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है.

No Previous Comments found.