बिसलेरी के पानी पर बड़ा सवाल! FSSAI की कार्रवाई पर कंपनी ने दी सफाई
पानी की गुणवत्ता और खाद्य उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों को लेकर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने अपनी निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। FSSAI के CEO रजित पुनहानी ने बताया कि प्राधिकरण भ्रामक दावों और विज्ञापनों के खिलाफ कदम उठा रहा है। वहीं, बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने एक बैच के पानी की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर आधिकारिक बयान जारी कर कंपनी का पक्ष रखा है।
FSSAI CEO रजित पुनहानी ने कहा कि भ्रामक दावों और विज्ञापनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि भ्रामक विज्ञापन का मामला कुछ हद तक सब्जेक्टिव होता है और इस पर अदालतों में दलीलें दी जाती हैं।
पान मसाला विज्ञापनों को लेकर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने इस मामले को अपने स्तर पर लिया है। FSSAI मुख्य रूप से अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड के विज्ञापनों में शामिल सेलिब्रिटीज से जुड़े मामलों पर काम कर रहा है। पुनहानी के मुताबिक, इस कार्रवाई का असर देखने को मिला है और कई सेलिब्रिटीज ने अपने विज्ञापन हटा लिए हैं।
इस बीच बिसलेरी इंटरनेशनल ने 23 नवंबर 2026 को जारी FSSAI की सफाई का स्वागत किया है। कंपनी के मुताबिक, FSSAI ने गोवा प्लांट में 27 सितंबर 2025 को तैयार किए गए बैच GO 270 के एक सैंपल को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था। कंपनी ने बताया कि वह हर साल 50 हजार से अधिक बैच तैयार करती है। बिक्री पर रोक केवल इसी एक बैच पर लागू है और कंपनी के अनुसार, इस बैच का कोई स्टॉक फिलहाल बाजार में उपलब्ध नहीं है।
बिसलेरी के मुताबिक, एक ही जल स्रोत से छह सैंपल लिए गए थे। शुरुआती जांच में सभी छह सैंपल पास हुए थे। हालांकि, बाद में दोबारा की गई जांच में बैच GO 270 के एक सैंपल में 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर PAHs पाए गए, जबकि उसी बैच का दूसरा सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरा उतरा। कंपनी ने बताया कि फरवरी 2026 में उसने जांच के नतीजों में अंतर का मुद्दा उठाते हुए दोबारा जांच की मांग की थी।
कंपनी के अनुसार, FSSAI की ओर से दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई है। बिसलेरी ने अपने सभी 143 प्लांट में गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह आगे भी FSSAI के साथ सहयोग करती रहेगी। फिलहाल, इस मामले में बिसलेरी ने अपने बयान के जरिए गुणवत्ता संबंधी सवालों पर स्थिति स्पष्ट की है। वहीं, FSSAI की ओर से खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और भ्रामक विज्ञापनों पर निगरानी जारी है।

No Previous Comments found.