इंजीनियर जान्हवी चन्नावार ने पेश की समाजसेवा की मिसाल
गडचिरोली - सामाजिक कार्यकर्ता प्रविण चन्नावार की पुत्री इंजीनियर जान्हवी प्रविण चन्नावार के जन्मदिन के अवसर पर मवेली में जरूरतमंद एवं गरीब विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री तथा खाद्य सामग्री का वितरण कर जन्मदिन सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। जन्मदिन पर होने वाले अनावश्यक खर्च को टालकर वही राशि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए खर्च करने की पहल की गई। इस सामाजिक उपक्रम की क्षेत्र में सराहना हो रही है। एटापल्ली तहसील के मवेली में आयोजित इस समाजोपयोगी कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति उपसभापति केशव पुडो,लालाजी मटामी,पुलिस पाटील शिवाजी मटामी,प्रबंधन समिति अध्यक्ष जोगेंद्र कुजूर,मनीष टोपो,सोमेश्वर येलपुलवार,आंगनवाड़ी सेविका निता येलपुलवार,सुपरवाइजर दुर्वा मैडम,स्वास्थ्य सेवक राणा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं महिला वर्ग उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई में उपयोगी शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही विद्यार्थियों को खाद्य सामग्री भी दी गई। शैक्षणिक सामग्री मिलने से विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
आज के दौर में जन्मदिन का मतलब केक, पार्टियों, दिखावे और अनावश्यक खर्च से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन ‘हम समाज के लिए भी कुछ जिम्मेदार हैं’ इस भावना के साथ इंजीनियर जान्हवी चन्नावार ने अपने जन्मदिन को एक अलग और प्रेरणादायी रूप दिया। उन्होंने स्वयं पर खर्च करने के बजाय जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद को प्राथमिकता दी।
शिक्षा के लिए मदद बनी उम्मीद की किरण
शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और गरीबी दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम माना जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने से उनके शैक्षणिक सफर में निश्चित रूप से मदद मिलती है। इसी सामाजिक सोच के तहत विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। चन्नावार परिवार द्वारा प्रत्येक वर्ष जन्मदिन के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की मदद करने का प्रयास किया जाता है। इसी सामाजिक दायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विद्यार्थियों के लिए यह उपक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक विशाल पुडो ने किया, जबकि संचालन एवं आभार प्रदर्शन संजय मटामी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विशाल मटामी, जनी धीसू मटामी, माधुरी मटामी, करिश्मा मटामी सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
‘अपनी खुशी दूसरों के साथ बांटने से बढ़ता है आनंद’
जन्मदिन के अवसर पर जरूरतमंद विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लाने का यह प्रयास केवल एक कार्यक्रम न रहकर समाज के लिए सकारात्मक संदेश देने वाला साबित हुआ। ‘खुशी अपने तक सीमित न रखकर दूसरों के साथ बांटी जाए तो उसका आनंद कई गुना बढ़ जाता है’, यह संदेश इस उपक्रम के माध्यम से समाज तक पहुंचा। इंजीनियर जान्हवी चन्नावार के इस सामाजिक कार्य की विद्यार्थियों, अभिभावकों, महिला वर्ग एवं उपस्थित नागरिकों ने सराहना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन के खर्च को स्वयं पर न करके जरूरतमंद विद्यार्थियों के भविष्य के लिए खर्च करने की यह पहल समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी मिसाल बन रही है।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.