गडचिरोली में पुलिस भर्ती की मैदानी परीक्षा 11 फरवरी से शुरू 27,087 अभ्यर्थी लेंगे भाग, अत्याधुनिक तकनीक से होगी पारदर्शी प्रक्रिया
गडचिरोली : गडचिरोली जिला पुलिस भर्ती 2024-25 (प्रत्यक्ष भर्ती प्रक्रिया–2026) के तहत चालक पुलिस सिपाही और पुलिस सिपाही पदों के लिए मैदानी (शारीरिक) परीक्षा 11 फरवरी से प्रारंभ होगी। यह परीक्षा 8 मार्च 2026 तक गडचिरोली पुलिस मुख्यालय के मैदान में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान कड़े बंदोबस्त के लिए 69 अधिकारियों सहित कुल 551 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
जिला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चालक पुलिस सिपाही के 27 पदों तथा पुलिस सिपाही के 717 पदों के लिए कुल 27,087 आवेदन प्राप्त हुए हैं। चालक पुलिस सिपाही पद के लिए 3,296 अभ्यर्थियों (2,797 पुरुष व 499 महिलाएं) ने आवेदन किया है, जबकि पुलिस सिपाही के 717 पदों के लिए 23,791 अभ्यर्थी (16,310 पुरुष व 7,481 महिलाएं) मैदान में उतरेंगे।
भर्ती कार्यक्रम के तहत 11 फरवरी से 13 फरवरी तक चालक पुलिस सिपाही पदों की मैदानी परीक्षा तथा 14 फरवरी से 7 मार्च तक पुलिस सिपाही पदों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले दिन 1,300 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी, इसके बाद प्रतिदिन औसतन 1,500 अभ्यर्थियों की परीक्षा ली जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों के पास गडचिरोली जिले का वैध निवासी प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है तथा सभी दस्तावेज 7 दिसंबर 2025 से पूर्व के होने चाहिए। मैदानी परीक्षा के प्रवेश पत्र महा-आईटी विभाग द्वारा ऑनलाइन जारी किए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी https://policerecruitment2024.mahait.org� वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। ऊंचाई व सीने की माप के लिए डिजिटल पीएसटी तकनीक, दौड़ परीक्षाओं के लिए आरएफआईडी आधारित प्रणाली तथा गोला फेंक के लिए प्रिज़्म तकनीक का इस्तेमाल होगा। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद लिखित परीक्षा के लिए पात्रता तय की जाएगी।
पुलिस विभाग ने चेतावनी दी है कि भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधन या प्रलोभन का सहारा लेने पर उम्मीदवारी रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गडचिरोली के समाधान कक्ष (दूरभाष: 8806312100) पर संपर्क करने की अपील की गई है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.