हिंदू समाज से पंच परिवर्तन अभियान में जुड़ने का आह्वान
गडचिरोली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सामाजिक परिवर्तन हेतु “पंच परिवर्तन” अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व-आधारित जीवनशैली तथा नागरिक कर्तव्यबोध जैसे पांच महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरण किया जा रहा है। इस अभियान में सभी हिंदू समाज के लोगों से जाति-भेद भूलकर सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान संघ के जिला संघचालक घिसूलाल काबरा ने किया। कुरखेड़ा तहसील के सोनसरी गांव में सकल हिंदू समाज सोनसरी मंडल के तत्वावधान में गुरुवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन करते हुए घिसूलाल काबरा ने कहा कि समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता स्थापित करना समय की आवश्यकता है। साथ ही, पर्यावरण के बढ़ते संकट को देखते हुए संरक्षण के प्रति जागरूकता जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में पारिवारिक व्यवस्था कमजोर हो रही है, इसलिए कुटुंब प्रबोधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। देश की प्रगति के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देते हुए आत्मनिर्भर जीवनशैली अपनाना भी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही संविधान का पालन करने वाले जिम्मेदार नागरिक बनना हर व्यक्ति का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में मंच पर दत्तात्रय क्षीरसागर महाराज एवं बोधनजी मंगर महाराज उपस्थित थे। सम्मेलन से पूर्व गांव के प्रवेश द्वार से भजन-कीर्तन और दिंडी के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन कुरखेड़ा के पूर्व नगराध्यक्ष रविंद्र गोटेफोडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नंदकिशोर दहिकर ने किया। आयोजन की सफलता के लिए सचिन दहिकर, वामन बोरकर, रामचंद्र राणे, योगानंद फरांडे सहित अनेक कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों ने योगदान दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : रूपेंद्र सिंह सेंगर


No Previous Comments found.