गडचिरोली पुलिस ने 72 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार
गढ़चिरौली : पो.स्टे. कोरची एवं स्थानीय अपराध शाखा द्वारा गुणवत्ता-पूर्ण जांच करते हुए मात्र 72 घंटे में हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
विस्तृत समाचार इस प्रकार है कि मौजा बोगाटोला, तहसील कोरची, जिला गडचिरोली के जंगल क्षेत्र में दिनांक 31 जनवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति का शव अर्ध-दफन अवस्था में पाया गया था। यह अपराध अत्यंत गंभीर प्रकृति का था। शव का चेहरा सड़-गल जाने के कारण मृतक की पहचान कर जांच करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गडचिरोली श्री. नीलोत्पल के मार्गदर्शन में पो.स्टे. कोरची एवं स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त टीम द्वारा जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान प्राप्त चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार मृतक की मृत्यु गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के कारण हुई थी। इस आधार पर दिनांक 02 फरवरी 2026 को पो.स्टे. कोरची में अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 103(1), 238 भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया।
शव अत्यधिक सड़ा-गला होने के कारण केवल घटनास्थल से प्राप्त सुरागों एवं गोपनीय सूत्रों की सहायता से इस जटिल अपराध की गुत्थी सुलझाई गई। जांच में यह सामने आया कि आरोपी शानू पठाण, निवासी जांभूळखेडा, तहसील कुरखेडा, जिला गडचिरोली के मृतक जितू कंवर (उम्र 30 वर्ष, निवासी जेठकन्हार, तहसील डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़) की पत्नी सोनाली कंवर के साथ प्रेम संबंध थे। इन संबंधों में जितू कंवर बाधा बन रहा था। इसी कारण आरोपी शानू पठाण ने साजिश रचकर अपने तीन साथियों की मदद से खुर्शीपार, तहसील कोरची में जितू कंवर की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी।
इस प्रकरण में आरोपी
शानू पठाण (36 वर्ष), पुंकेश बोरकर (32 वर्ष),चंद्रशेखर गुज्जेवार (27 वर्ष), धनपाल मडावी (21 वर्ष) — सभी निवासी जांभूळखेडा, तहसील कुरखेडा, जिला गडचिरोली तथा सोनाली कंवर (25 वर्ष), निवासी जेठकन्हार, तहसील डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छ.ग.) को दिनांक 04 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय ने उन्हें कुल छह दिनों की पुलिस हिरासत (पुलिस कस्टडी) में भेजने का आदेश दिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र ठाकरे, पो.स्टे. कोरची द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री. नीलोत्पल, प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) श्री. कार्तिक मधीरा, उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुरखेडा श्री. रविंद्र भोसले के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा गडचिरोली के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगडे, पो.स्टे. कोरची के पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र ठाकरे, सहायक पुलिस निरीक्षक मुकुंद देशमुख, पुलिस उपनिरीक्षक विकास चव्हाण तथा पो.स्टे. कोरची एवं स्थानीय अपराध शाखा गडचिरोली के पुलिस कर्मचारियों द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.