शहीद दीपक चिन्ना मडावी के परिजनों से की गई भेंट, दी सांत्वना

गडचिरोली : महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में C-60 अहेरी (प्राणहिता) में कार्यरत वीर जवान दीपक चिन्ना मडावी देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। शहीद दीपक मडावी गडचिरोली जिले के मांडरा गांव के निवासी थे और वर्तमान में प्राणहिता क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

शनिवार को आमदार डॉ. मिलिंद नरोठे एवं अहेरी विधानसभा क्षेत्र के संदीपभाऊ कोरेत ने शहीद जवान के निवास स्थान पर पहुंचकर उनके परिवार से भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने शहीद दीपक चिन्ना मडावी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद की पत्नी, उनका एक पुत्र तथा अन्य पारिवारिक सदस्य उपस्थित थे। आमदार डॉ. मिलिंद नरोठे एवं संदीपभाऊ कोरेत ने परिजनों से आत्मीयता से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और भविष्य में हरसंभव सहयोग एवं सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही शहीद परिवार को किसी भी प्रकार की कठिनाई न आए, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी संबंधित कार्यकर्ताओं को दिए गए।
इस मौके पर शिवसेना तालुका प्रमुख अक्षय करपे, युवासेना उप-जिला प्रमुख साई चंदनखेडे, रविभाऊ भांडेकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने शहीद परिवार की नियमित रूप से देखभाल करने और हर संभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
संदीपभाऊ कोरेत ने कहा कि, “परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। आवश्यकता पड़ने पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले ऐसे शहीदों पर पूरे देश को गर्व है। शहीदों के परिजनों की जिम्मेदारी हम सभी की है और उनकी हरसंभव सहायता करना हमारा कर्तव्य है।”
वीर शहीद दीपक चिन्ना मडावी का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.