जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार हमारा पूर्व पालकमंत्री राजे अम्ब्रीशराव आत्राम का बयान

गडचिरोली : तालुका के पीपली/बुर्गी क्षेत्र में प्रस्तावित ओम साईराम कंपनी की लौह खदान के संदर्भ में स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए ग्रामीणों ने अहेरी स्थित ‘रुख्मिणी महल’ में अहेरी इस्टेट के राजे एवं पूर्व राज्यमंत्री अम्ब्रीशराव आत्राम को आमंत्रित किया था। निमंत्रण स्वीकार करते हुए राजे साहब ने पीपली गांव का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।

नई कंपनी के कारण प्रभावित होने वाले पीपली, जवेली, कुंडम, जिजावंडी, बुर्गी, वेडमागड, गणपहाड़ी, नैणवाड़ी तथा टोला सहित कई गांवों के नागरिकों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर सम्मानजनक रोजगार मिले तथा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास किया जाए।
ग्रामीणों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए राजे आत्राम ने कहा कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, “जल, जंगल और जमीन के असली मालिक आप ही हैं। कंपनी द्वारा किसी भी प्रकार का कार्य स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर ही किया जाएगा और आपकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही हेतु मैं निरंतर प्रयास करूंगा। आप पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।”
बैठक में प्रत्येक गांव के प्रमुख नागरिक, बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा नेता कुमार अवधेशराव बाबा आत्राम, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.