आई तू माझी होशील का?’ दंडार कार्यक्रम का भव्य आयोजन

गढ़चिरौली : महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर तालुका के तेलंगाना सीमा स्थित प्राणहिता नदी घाट, वांगेपल्ली शिव मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर मंदिर परिसर में प्रसिद्ध दंडार कार्यक्रम ‘आई तू माझी होशील का?’ का रात में विशेष आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ अहेरी इस्टेट के राजे एवं पूर्व राज्यमंत्री अम्ब्रीशराव आत्राम के करकमलों द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राजे आत्राम ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर वांगेपल्ली घाट पर हर वर्ष विशाल मेला भरता है, जिसमें महाराष्ट्र और तेलंगाना राज्य से हजारों की संख्या में शिवभक्त भगवान शिव के दर्शन हेतु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि आगामी महाशिवरात्रि से पूर्व यहां एक भव्य नए शिव मंदिर के निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी, ताकि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बेहतर धार्मिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस घोषणा पर उपस्थित भक्तों ने जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर राजे आत्राम ने सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं। मेले में अहेरी क्षेत्र के गांवों के साथ-साथ तेलंगाना राज्य से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल हुए और शिव मंदिर में दर्शन किए।
कार्यक्रम में युवा नेता कुमार अवधेशराव बाबा आत्राम, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, वांगेपल्ली शिव मंदिर समिति के सदस्य तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.