अहेरी में धूमधाम से मनाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती, बच्चों ने दी प्रेरणादायी प्रस्तुतियाँ
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के अहेरी में छत्रपति शिवाजी महाराज की 394वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन गानली समाज बहुउद्देशीय मंडल, अहेरी की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मंडल के अध्यक्ष श्री नरेश व्यंकटेश बोम्मावार, उपाध्यक्ष श्री प्रफुल रामन्नाजी नागुलवार तथा श्री व्यंकटेश सुरमवार सहित पदाधिकारियों ने महाराज को नमन कर उनके पराक्रम, शौर्य और हिंदवी स्वराज्य स्थापना के महान कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल महाराष्ट्र के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने रयत के हितों की रक्षा करते हुए अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया और स्वराज्य की स्थापना की। वक्ताओं ने यह भी बताया कि शिवाजी महाराज जन्म से नहीं, बल्कि अपनी कार्यशैली और जनता के विश्वास से राजा बने।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सात्विक निलेश पुपरेड्डीवार ने शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित मनोगत प्रस्तुत किया, जबकि आरूश्री श्रीकांत गद्देवार और साची साईनाथ बोम्मावार ने प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, सदस्य तथा समाज के अनेक नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण, प्रेरणादायी और सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ।
अंत में उपस्थित लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जुगल बोमनवार ने किया, जबकि कार्यक्रम की सफलता के लिए मंडल के सभी पदाधिकारियों ने सहयोग दिया।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार


No Previous Comments found.