दूरस्थ क्षेत्र गुंडूरवाही कैम्प में स्वास्थ्य शिविर, 210 नागरिकों की जांच

गडचिरोली :  पुलिस विभाग की ओर से नागरिक कल्याण की पहल के अंतर्गत नवनिर्मित पोमके फुलनार (कैम्प गुंडूरवाही) में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कोपर्शी, फुलनार, गुंडूरवाही, पोयरकोठी तथा आसपास के अति-दुर्गम गांवों के कुल 210 नागरिकों एवं विद्यार्थियों की विशेषज्ञ चिकित्सा दल द्वारा जांच की गई।
यह स्वास्थ्य शिविर पुलिस अस्पताल गढ़चिरोली, जिला सामान्य अस्पताल, जिला परिषद तथा सीआरपीएफ के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने तथा नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह उपक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री नीलोत्पल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में पुलिस अस्पताल के मुख्य वैद्यकीय अधिकारी डॉ. सुनील मडावी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न रोगों की जांच की। इसमें फिजिशियन, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं बालरोग विशेषज्ञों ने नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श तथा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर के दौरान लगभग 210 नागरिकों की विभिन्न रोगों के संदर्भ में जांच की गई तथा पोषण संबंधी समस्याओं पर मार्गदर्शन दिया गया। वरिष्ठ नागरिकों की नेत्र जांच कर आवश्यक औषधियां प्रदान की गईं। इस दौरान 28 मरीजों को आगे की जांच हेतु विभिन्न अस्पतालों में संदर्भित किया गया। साथ ही बालरोग विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जांच की तथा स्त्रीरोग विशेषज्ञों ने महिलाओं की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया।
गढ़चिरोली पुलिस द्वारा वर्ष 2021 से अब तक 179 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कुल 40,265 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 5 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 4,361 यूनिट रक्त संकलित किया गया है। “ऑपरेशन रोशनी” के अंतर्गत 9,971 से अधिक नागरिकों की नेत्र जांच कर 1,412 लोगों की निःशुल्क मोतियाबिंद शस्त्रक्रिया कराई जा चुकी है।
इस स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में पुलिस प्रशासन, जिला परिषद, चिकित्सा विभाग तथा सीआरपीएफ के अधिकारियों व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.