गडचिरोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब और वाहन सहित 12.21 लाख का माल जब्त

गडचिरोली :  जिले में शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध रूप से शराब की बिक्री और तस्करी के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं। इसी के तहत गडचिरोली पुलिस ने रविवार (1 मार्च 2026) को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप और एक चारपहिया वाहन सहित कुल 12,21,000 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।
पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल द्वारा जिले में अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उसी के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अजय चिचघरे अपने साथियों के साथ वाहन क्रमांक UP-16-DB-0590 से पोमके पोटेगांव क्षेत्र में विदेशी शराब की अवैध तस्करी कर खुदरा विक्रेताओं को सप्लाई करने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवरगांव में पंचों की मौजूदगी में जाल बिछाया। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन सड़क किनारे रोककर उसमें बैठे दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें शामिल हैं
रॉयल स्टैग डिलक्स ब्रांड की 180 एमएल की 1056 बोतलें
90 एमएल की 100 बोतलें
1 लीटर की 23 बोतलें
हायवर्ड 5000 बीयर के 144 टिन
शराब तस्करी में प्रयुक्त टाटा कंपनी का चारपहिया वाहन
जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12,21,000 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में महाराष्ट्र दारूबंदी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी अजय चिचघरे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जबकि आगे की जांच उपनिरीक्षक सीमा किंकर कर रही हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अहेरी कार्तिक मधीरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के प्रभारी अरुण फेगडे के नेतृत्व में की गई।

 
रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.