कमलापुर हाथी शिविर में फील्ड किट्स वितरण,वन्यजीव संरक्षण को मिला नया बल
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के सिरोंचा वन प्रभाग अंतर्गत कमलापुर हाथी शिविर में लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा वन्यजीव संरक्षण में जुटे अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के लिए फील्ड किट्स वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह पहल वन विभाग और निजी क्षेत्र के सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है, जिससे क्षेत्र में संरक्षण कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप वन संरक्षक (DCF) श्री नवकिशोर रेड्डी एवं सहायक वन संरक्षक (ACF) श्री विष्णु वर्धन रेड्डी के हाथों किया गया। इस अवसर पर कमलापुर रेंज के वन क्षेत्र अधिकारी (RFO) श्री गौतम गाडमाडे, परिवीक्षाधीन RFO श्री अनिरुष माने सहित वन विभाग के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कमलापुर हाथी शिविर, वन्य भैंसा संरक्षण इकाई तथा “वल्चर फ्रेंड्स” पहल से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक फील्ड किट्स वितरित किए गए। इन किट्स में टी-शर्ट, ट्राउजर, ट्रेकिंग शूज, टॉर्च और कैंपिंग टेंट जैसे जरूरी सामान शामिल हैं। विशेष रूप से वन्य भैंसा टीम को पूर्ण किट्स प्रदान की गईं, जबकि हाथी शिविर और वल्चर फ्रेंड्स टीमों को टी-शर्ट, ट्राउजर, जूते और टॉर्च उपलब्ध कराए गए। इस पहल से कुल 30 अग्रिम कर्मियों को सीधा लाभ मिला।
अपने संबोधन में उप वन संरक्षक श्री नवकिशोर रेड्डी ने हाथी शिविर के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी और बताया कि हाल ही में मुदुमलाई टाइगर रिजर्व की टीम के सहयोग से प्रशिक्षण एवं उन्नयन कार्य किए गए हैं। उन्होंने लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा निरंतर तकनीकी और लॉजिस्टिक सहयोग, आधारभूत संरचना विकास तथा फील्ड किट्स उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक वन संरक्षक श्री विष्णु वर्धन रेड्डी, वन क्षेत्र अधिकारी श्री गौतम गाडमाडे एवं परिवीक्षाधीन RFO श्री अनिरुष माने ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल को वन्यजीव संरक्षण के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
यह संपूर्ण पहल कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री बी. प्रभाकरन के नेतृत्व में क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण और आवास प्रबंधन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि गडचिरोली के जंगलों में संरक्षण कार्यों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.