गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील में सड़क मरम्मत कार्य पर उठे सवाल

गड़चिरोली : गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत जिमलगट्टा–देचलीपेठा मुख्य मार्ग पर जिमलगट्टा से किष्ठापुर के बीच चल रहे गड्ढे भरने के कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है।

ग्रामीणों के अनुसार, नियमानुसार गड्ढों को भरने के लिए मुरुम और गिट्टी का उपयोग किया जाना चाहिए, लेकिन मौके पर केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति की जा रही है। जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे की मिट्टी निकालकर उसी मिट्टी को गड्ढों में भरा जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है।
बताया जा रहा है कि इस सड़क की मरम्मत के लिए लाखों रुपये का बजट स्वीकृत होने के बावजूद जमीनी स्तर पर केवल दिखावटी काम किया जा रहा है। इससे संबंधित निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के कारण गड्ढों में डाली गई मिट्टी बह गई है, जिससे सड़क पर कीचड़ फैल गया है। इसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
इसके अलावा कर्नेली करचा–जिमलगट्टा–देचली रोड परियोजना के तहत ठेकेदार को दो वर्षों तक नियमित मेंटेनेंस करने की शर्त दी गई है। इसके बावजूद सड़क पर बने गड्ढों को समय पर नहीं भरा जा रहा है, जो नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है।
नागरिकों ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा इस मामले की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि घटिया कार्य को तत्काल रोका जाए, दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराई जाए।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.